फेसबुक पर रिक्वेस्ट एक्सेप्ट ना करने पर सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर की किशोरी की हत्या

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक युवक ने केवल इसलिए एक लड़की की हत्या कर दी, क्योंकि उसकी दोस्ती लड़की ने ठुकरा दी थी। मामला हाईवे थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगला बोहरा गांव की है। रविवार शाम को लड़के ने एक लड़की की चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया और लड़की की मां को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। बताया जा रहा है कि लड़की से लड़के ने फेसबुक पर दोस्त बनने के लिए रिक्वेस्ट भेजी थी। लड़की ने इससे इंकार कर दिया, तो लड़के ने गुस्से में आकर लड़की को मार डाला और उसे बचाने गई लड़की की महिला को भी जख्मी कर दिया। 

थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने जानकारी देते हुए बताया है कि मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के मुताबिक, युवक ने लड़की से फेसबुक पर दोस्त बनने के लिए रिक्वेस्ट भेजी थी, जिसे लड़की ने एक्सेप्ट नहीं किया। पुलिस अधीक्षक (नगर) मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि हाईवे थाना क्षेत्र के गांव नगला बोहरा के रहने वाले रिटायर्ड फौजी तेजवीर सिंह फरीदाबाद की एक फैक्ट्री में सुरक्षाकर्मी हैं। रविवार की देर शाम वो अपने घर पर नहीं थे। शाम में उनके घर मुजफ्फरनगर के थाना मण्डी क्षेत्र के कुकड़ा गांव का एक युवक रवि शादी का कार्ड लेकर उनके घर पर पहुंचा।

लड़के ने शादी के कार्ड में चाकू छिपा रखा था। जैसे ही तेजवीर सिंह की 16 साल की बेटी कमरे में आई, तो आरोपी ने कार्ड से चाक़ू निकालकर उस पर कई बार प्रहार किया। इससे पीड़िता चीखते हुए, वहीं गिर गई। बेटी की चीख सुनकर उसकी मां सुनीता कमरे में पहुंची। लड़की की मां पर भी रवि ने चाकू से वार किए, जो उनके कंधे और कमर पर लगे। यही नहीं उसने खुद भी चाकू से आत्महत्या का प्रयास किया और अपने ऊपर प्रहार किए। पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि लड़की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसकी मां को सिटी अस्पताल में एडमिट कराया गया है। महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं आरोपी रवि का भी जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com