भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में पीएम मोदी ने कहा, भाजपा का कार्यकर्ता साल के हर दिन, 24 घंटे देश की सेवा के लिए कुछ न कुछ करता ही रहता है। लेकिन अब अगले 100 दिन नई ऊर्जा, नई उमंग, नया उत्साह, नया विश्वास और नए जोश के साथ काम करने के हैं। आज 18 फरवरी है और इस कालखंड में जो युवा 18 वर्ष के पड़ाव पर पहुंचें हैं, वो देश की 18वीं लोकसभा का चुनाव करने वाले हैं। उन्होंने कहा अगले 100 दिन हम सबको जुट जाना है।
हर वर्ग का विश्वास करना लक्ष्य
पीएम मोदी ने कहा, हर नए वोटर, हर लाभार्थी, हर वर्ग, समाज, पंथ, परंपरा सबके पास पहुंचना है। हमे सबका विश्वास हासिल करना है। जब सबका प्रयास होगा, तो देश की सेवा के लिए सबसे ज्यादा सीटें भी BJP को ही मिलेंगी। इन दो दिनों में जो चर्चा और विचार-विमर्श हुआ है। ये देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारे संकल्प को दृढ़ करने वाली बातें हैं।
100 दिनों का खास प्लान
प्रधानमंत्री ने कहा, अगले 100 दिनों में, हमारा लक्ष्य हर नए मतदाता, हर लाभार्थी, हर क्षेत्र और हर समुदाय को एकजुट करना और उनसे जुड़ना है। लोगों का विश्वास अर्जित करना आवश्यक है और सामूहिक प्रयासों से भाजपा को अब तक के सर्वोच्च जनादेश के साथ देश की सेवा करने का अवसर मिलेगा।
आचार्य श्री 108 पूज्य विद्यासागर जी महाराज को दी श्रद्धांजलि
आज मैं समस्त देशवासियों की तरफ से संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 पूज्य विद्यासागर जी महाराज को श्रद्धापूर्वक और आदरपूर्वक नमन करते हुए श्रद्धांजलि देता हूं। भारत ने आज हर क्षेत्र में जो ऊंचाई हासिल की है, उसने हर देशवासी को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है। ये विकसित भारत का संकल्प है।
भारत को विकसित बनाना सपान और संकल्प दोनों
पीएम मोदी ने कहा अब देश न छोटे सपनें देख सकता है और न ही छोटे संकल्प ले सकता। सपनें भी विराट होंगे और संकल्प भी। ये हमारा सपना भी है और संकल्प भी है कि हमें भारत को विकसित बनाना है। हम तो छत्रपति शिवाजी को मानने वाले लोग हैं। जब छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ तो उन्होंने ये नहीं किया कि सत्ता मिल गई तो चलो उसका आनंद लो। उन्होंने अपना मिशन जारी रखा। अगले पांच साल हमारे विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं। भारत को एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में लंबी छलांग लगाने के लिए अथक प्रयास करना चाहिए।
‘एनडीए सरकार, 400 पार’ की गूंज
पीएम मोदी ने कहा, ‘एनडीए सरकार, 400 पार’ की गूंज है. इसे वास्तविकता बनाने के लिए, भाजपा को आगामी लोकसभा चुनावों में 370 से अधिक सीटें हासिल करनी होंगी। मैं अपने सुख वैभव के लिए जीने वाला व्यक्ति नहीं हूं। उन्होंने कहा, बीजेपी सरकार का तीसरा टर्म, सत्ता भोग के लिए नहीं मांग रहा हूं। राष्ट्र का संकल्प लेकर निकला हुआ व्यक्ति हूं।आज विपक्ष के नेता भी NDA सरकार 400 पार के नारे लगा रहे हैं। और NDA को 400 पार कराने के लिए भाजपा को 370 का माइलस्टोन पार करना ही होगा।
भारत के विकास के लिए भाजपा का तीसरा कार्यकाल
प्रधानमंत्री ने कहा, ऐसा व्यक्ति नहीं हूं जो अपनी खुशी के लिए जीता हूं। मैं राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि भारत के लाभ के लिए भाजपा के लिए तीसरे कार्यकाल की वकालत कर रहा हूं। मेरे प्रयास भारत के लोगों को समर्पित हैं।’ भारतीयों के सपने मेरी प्रतिबद्धता हैं।’ आज भाजपा युवाशक्ति, नारीशक्ति, गरीब और किसान की शक्ति को विकसित भारत के निर्माण की शक्ति बना रही है। उन्होंने कहा जिनको किसी ने नहीं पूछा, हमने उन्हें पूछा है, इतना ही नहीं हमने उसको पूजा है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features