यूपी: एक सितंबर को काशी में भाजपा की कार्यशाला

सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक सितंबर को काशी में करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं को बातचीत करने के गुर सिखाएंगे। यह जानकारी भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय में बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या भी हिस्सा लेंगे।

कार्यशाला में भाजपा प्रदेश टीम के पदाधिकारियों के अलावा भाजयुमो के नेता हिस्सा लेंगे। कार्यशाला में पार्टी का पूरा फोकस बूथ स्तर पर है। पार्टी इसकी तैयारियों में जुटी हुई है। इस कार्यशाला में सदस्यता अभियान की रणनीति को भी अंतिम रूप दिया जाएगा। इसी रणनीति के अनुसार भाजपा के नेता और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सदस्य बनाएंगे। सबसे अधिक सदस्य बूथ स्तर पर जोड़ने के निर्देश रहेंगे।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं को यह भी बताएंगे कि नए सदस्य बनाने के दौरान बातचीत कैसे करनी है। उन्हें सरकार के काम बताने हैं और भाजपा के उन कार्यों की जानकारी भी लोगों को देनी है जो अन्य राज्यों में कर रही है। मंगलवार को बैठक के दौरान प्रांशुदत्त द्विवेदी ने कहा कि 4 सितंबर 5 और 6 सितंबर को जिला स्तर पर सदस्यता अभियान की शुरुआत होगी। 7 सितंबर से आमजनों को सदस्य बनाया जाएगा।

सदस्यता लेने के लिए 8800002024 पर मिस्ड काल करना आवश्यक है। इसके साथ ही नमो एप और ऑफलाइन फाॅर्म भरकर सदस्य बनाया जा सकेगा। 1 से 25 सितंबर तक प्राथमिक सदस्यता अभियान, 1 से 15 अक्तूबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान और विशिष्ट सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में प्रदेश महामंत्री देवेंद्र भाई पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष शैलेंद्र मौर्य, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर, महामंत्री सचिन गोस्वामी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष सिंह आशु, क्षेत्रीय मंत्री संदीप केशरी सोनू, युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी विपिन तिवारी व मीडिया प्रभारी नवरतन राठी मौजूद रहे।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com