कानपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कानपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए 850 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। साथ मुख्यमंत्री ने शहरवासियों के लिए तमाम घोषणाएं भी कीं। उन्होंने ऐलान किया कि कानपुर नगर निगम के स्कूलों में गरीब बेटियों को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।

इसका पूरा खर्च नगर निगम उठाएगा। इसके साथ ही उन्होंने शहर में रहने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को बड़ी राहत देते हुए ऐलान किया कि जल निगम और नगर निगम के सभी करों से वह मुक्त रहेंगे। यानी स्वतंत्रता सेनानियों से कोई कर नहीं लिया जाएगा। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सीधे चंद्रशेर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरा यहां से वह सीधे नवाबगंज स्थित पंडित दीन दयाल सनातन धर्म विद्यालय पहुंचे।
यहां मुख्यमंत्री ने भगवान हनुमान मंदिर का लोकार्पण किया। इसके बाद मोतीझील स्थित कारगिल पार्क में स्वामी विवेकानंद स्मृतिका का लोकार्पण किया। यहां से वह करीब 12.30 बजे फिर सीएसए पहंचे। यहां कैलाश भवन में उन्होंने कानपुर की 850 करोड़ रुपये की भिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कानपुर स्मार्ट सिटी के तहत 270 करोड़ की योजनाओं की घोषणा और शिलान्यास भी किया।
इस दौरान उन्होंने कानपुर नगर निगम की स्मारिका लोकार्पण और नगर निगम बेबसाइट और स्मार्ट एप भी लॉच किया। स्मार्ट एप एक ऐसा प्लेटफार्म होगा जिसके जरिए हाउस टैक्स का निर्धारण भी खुद कर सकेंगे और घर बैठे जमा भी कर सकेंगे। साथ ही शहर के किसी इलाके की किसी भी समस्या को आप इसके जरिए नगर निगम के अफसरों को ऑन लाइन पहुंचा सकेंगे। शिकायतें करेंगे तो इसका निराकरण भी नगर निगम कराएगा।
मुख्यमंत्री ने स्मार्ट एप के फायदे भी बताए। नगर निगम ने इस एप्लीकेशन को बनाने का काम तेज कर दिया है। पंद्रह दिनों में यह एप्लीकेशन आप अपने मोबाइल में अपलोड करके रख सकेंगे। कानपुर स्मार्ट सिटी की वेबसाइट से शहरवासी यह देख सकेंगे कि स्मार्ट सिटी में क्या-क्या योजनाएं चल रही हैं। इसमें उनके सुझाव देने का भी विकल्प रखा जाएगा।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features