लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिलकर लड़ने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओम प्रकाश राजभर की दोस्ती में दरार बढ़ती ही जा रही है। भाजपा से बगावत कर सपा से हाथ मिलाने वाले ओपी राजभर इन दिनों सियासी उलझन में फंसे हुए हैं। ऐसे में राष्ट्रपति चुनाव में NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बीच जारी शह-मात के खेल में राजभर ने शुक्रवार को अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।

अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या राजभर राष्ट्रपति चुनाव में NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देकर एक बार फिर से भाजपा के करीब जाना चाहते हैं ? ओम प्रकाश राजभर ने राष्ट्रपति चुनाव में NDA प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि सुभासपा के MLA राष्ट्रपति चुनाव में NDA के पक्ष में वोट देंगे। राजभर ने कहा कि CM योगी और द्रौपदी मुर्मू ने समर्थन मांगा था, अमित शाह का फोन भी आया था और मेरी उनसे भी मुलाकात हुई। अमित शाह ने भी द्रौपदी मुर्मू के लिए समर्थन मांगा था।
बता दें कि राजभर की पार्टी के छह MLA हैं और सभी द्रौपदी मुर्मू को समर्थन करेंगे। ऐसे में सुभासपा के MLA और मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी भी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट करेंगे। राजभर ने कहा कि हमें सीएम योगी ने डिनर पार्टी में भी आमंत्रित किया था, जहां द्रौपदी मुर्मू ने कहा था कि आप कमजोर की लड़ाई लड़ते हो, तो आप हमारा समर्थन करें।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features