उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने पूरी तरह कमर कस ली है। इसी क्रम में आज उनकी पार्टी आजाद समाज पार्टी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। इस घोषणा पत्र में आजाद समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश की जनता मुफ्त शिक्षा स्वास्थ्य देने का वादा किया। इसके साथ ही किसानों की कर्जमाफी का भी वादा किया।
बता दें कि उत्तर प्रदेश चुनाव 2022 में आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ मैदान में उतरने की घोषणा कर चुके हैं। चंद्रशेखर आजाद ने ऐलान किया है कि वह गोरखपुर सदर सीट से योगी आदित्यनाथ के खिलाफ विधानसभा चुनाव में ताल ठोकेंगे। इससे पहले भीम आर्मी प्रमुख ने 18 जनवरी को यूपी की 33 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया था।
गौरतलब है कि चंद्रशेखर आजाद समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने की इच्छा रखते रहे थे। इसके लिए उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात भी की थी। बातचीत शुरू जरूर हुई थी, लेकिन परवान नहीं चढ़ पाया। तब चंद्रशेखर आजाद ने अखिलेश यादव पर आरोप लगाया था, कि उन्हें दलितों के वोट तो चाहिए, लेकिन वे दलित नेता को स्वीकार नहीं करना चाहते। वहीं, सपा का पक्ष रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा था, कि उन्होंने चंद्रशेखर आजाद को दो सीटें ऑफर की थीं। तब वो मान भी गए थे। लेकिन बाद में किसी का फोन आया और वो पलट गए।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा है, कि उनकी पार्टी कुछ लोगों के खिलाफ अपने प्रत्याशी नहीं उतारेगी। इनमें प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के अध्यक्ष शिवपाल यादव, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर, रालोद के प्रमुख जयंत चौधरी और स्वामी प्रसाद मौर्य के नाम शामिल हैं। ऐसी ही बात उन्होंने अखिलेश यादव के लिए भी कही है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features