बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदांयू जनपद में आज शाम एक सड़क हादसे में जाइलो कार पेड़ से टकराने पर दूल्हा समेत 7 की मौत हो गई। वहीं हादसे में 6 लोग भी घायल हो गये। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद से पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

ककराला के समीप आसपुर गांव के लोग क्षेत्र के ही बूचन गांव से दुल्हन की विदाई कराकर लौट रहे थे। शाम करीब चार बजे गाभियाई गांव के पास कार पेड़ से टकरा गई और मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई।
हादसे में कार में सवार दूल्हा अमजद, उसकी बहन इबराना, परवीन, राजा, फरहान, 4 वर्षीय समरीन पुत्री तारिक, तारिक का छह माह के बेटा रेहान की दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं हादसे में 6 लोग भी घायल हुए है।
हादसे की सूचना पाकर मौके पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी पहुंच गये। पुलिस ने घायल हुए 6 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उनको बरेली रेफर किया गया है। तारिक की पत्नी के अलावा उसके दो बच्चों की मौत के बाद घर में कोहराम मचा है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features