शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। इस संघर्ष में तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो गयी, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी का है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी एस चिनप्पा, एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी समेत आईजी बरेली डीके ठाकुर मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिकए पुरानी रंजिश के चलते गुरुवार को देर शाम दो पक्ष आमने- सामने आ गये। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी।
इस खूनी संघर्ष में तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में से एक पक्ष का मुशीर खान और दूसरे पक्ष का इसरार और इमरान की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं इस गोलीबारी में सोनू नाम का एक युवक भी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि यहां रहने वाले सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खान के भाई के साले मुशीर का पड़ोस के रहने वाले मिनहा से पुरानी रंजिश चल रही थी।
मुशीर गुरुवार की रात अपने घर के बाहर खड़ा था। तभी दूसरे पक्ष का मिनहा वहां पर आ गया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद कहासुनी हो गई। इसी कहा सुनी में अवैध असलाह निकल आए और दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।
अंधाधुंध फायरिंग में मुशीर, इसरार और इमरान की मौके पर मौत हो गई जबकि सोनू नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में परिजनों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक कोई कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शिकायत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features