दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ सड़क पर उतर आए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ता बृहस्पतिवार सुबह से नोएडा सेक्टर-24 थाने के बाहर बैठे हैं और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। उनका कहना है कि नोएडा में पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं का बेवजह उत्पीड़न कर रही है।
भाजपा कार्यकर्ता कर रहे पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
भाजपा कार्यकर्ताओं ने यूपी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम करनी शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक, नोएडा में भाजपा कार्यकर्ता के उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता नोएडा ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल लिया है। बृहस्पतिवार सुबह मनोज गुप्ता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सेक्टर 24 थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं।
पुलिस कर रही कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न : महानगर अध्यक्ष
महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता का आरोप कि सेक्टर 24 पुलिस भाजपा के पूर्व पदाधिकारी नरेश शर्मा का उत्पीड़न कर रही है। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता नरेश को नोएडा पुलिस ने बृहस्पतिवार को ही किसी मामले में पकड़ा है।
शारीरिक दूरी की उड़ रही धज्जियां
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ाते नजर आए, ज्यादातर कार्यकर्ताओं ने तो मास्क तक नहीं लगा रखे हैं। बता दें कि कोरोना वायरस संक्रमण के प्रभाव और खतरे के मद्देनजर शारीरिक दूरी के नियम को अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, मास्क लगाना भी सभी लोगों के लिए अनिवार्य है।
एसीपी के तमाम प्रयास के बाद भी थाने के बाहर धरने से उठने को भाजपा महानगर अध्यक्ष अपने कार्यकर्ताओं के साथ तैयार नहीं हैं। पिछले कई घंटे से यहां पर भाजपा का विरोध प्रदर्शन जारी है। बता दें कि यूपी में सरकार बनने के बाद यह पहला मौका है जब पुलिस के खिलाफ नोएडा भाजपा के कार्यकर्ता इस तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features