मुम्बई: बालीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी के पति बोनी कपूर अपनी दिवंगत पत्नी की जिंदगी पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाना चाहते हैं। श्रीदेवी की मौत के बाद से बोनी कपूर काफी टूट गए हैं। वह ज्यादातर समय हताश बैठे रहते हैं। हालांकि श्रीदेवी की इच्छानुसार उन्होंने अपनी बड़ी बेटी जाह्नवी कपूर का जन्मदिन केक काटकर और परिवार के साथ बाहर डिनर कर मनाया।

बोनी कपूर श्रीदेवी की हर ख्वाहिश को पूरा करना चाहते हैं। खबर है कि बोनी कपूर श्रीदेवी के जीवन पर आधारित इस डॉक्यूमेंट्री में उनकी ओरिजनल आवाज का इस्तेमाल करेंगे।बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस श्रीदेवी के निधन से उनके परिवार समेत पूरा देश गम के माहौल में डूबा हुआ है।
इसी बीच खबर आई है कि बोनी कपूर श्रीदेवी के जीवन पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाएंगे। बोनी कपूर ने बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री फिल्म में श्रीदेवी की लाइफ के ओरिजनल वीडियो और रियल फुटेज का इस्तेमाल किया जाएगा। सिर्फ इतना ही नहीं इस फिल्म में श्रीदेवी के बारे में कुछ ऐसे तथ्य सामने आएंगे जो अभी तक किसी को नहीं पता।
लोगों के कई तरह के भम्र टूटेंगे। सूत्रों की मानें तो बोनी कपूर ने डॉक्यूमेंट्री बनाने की पूरी जिम्मेदारी अपने खास दोस्त शेखर कपूर को सौंपी है।
शेखर पहले भी श्रीदेवी को बतौर हीरोइन कास्ट कर फिल्म मिस्टर इंडिया बना चुके हैं। ये फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी। इस फिल्म में श्रीदेवी के साथ अनिल कपूर नजर आए थे।
आपको बता दें कि बीते 24 फरवरी को दुबई में श्रीदेवी का निधन हुआ था। वैसे तो पहले कार्डियक अरेस्ट की वजह से मौत की खबर आई थी। हालांकि बाद में पता चला कि बाथटब में डूबने से उनकी मौत हो गई। 28 फरवरी 2018 को मुंबई में राजकीय सम्मान के साथ श्रीदेवी का अंतिम संस्कार किया गया था।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features