मुंबई: बालीवुड के मशहुर एक्टर और डायरेक्टर राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर का सोमवार सुबह निधन हो गया। 87 साल की कृष्णा ने आज सुबह 4 बजे अंतिम सांस ली। उनके बेटे रणधीर कपूर ने बताया कि मां का दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया।
उम्र भी इसमें एक बड़ा कारण रहा। उनके जाने से हम बेहद दुखी हैं। रणधीर कपूर ने बताया कि अंतिम संस्कार चेंबुर शवदाह गृह में किया जाएगा। कृष्णा राज कपूर अपने पीछे रणधीर कपूर, ऋ षि कपूर, राजीव कपूर, ऋ तु नंदा और रीमा कपूर समेत भरापूरा परिवार छोड़ गई हैं। हिंदी सिनेमा के द ग्रेट शोमैन राज कपूर से कृष्णा की शादी 1946 में हुई थी।
शादी से पहले उनका नाम कृष्णा मल्होत्रा था। उनके बारे में दुखद खबर आते ही बॉलीवुड शोक की लहर में डूब गया। फिल्मी सितारे कृष्णा को ट्विटर के जरिए श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
वहीं कई हस्तियां उनके घर पर कपूर फैमिली को सांत्वना देने पहुंचे गई हैं। एक्ट्रेस सोहा अली खान ने ट्वीट किया है कि कृष्णा राज कपूर के निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा। मैंने कुछ समय उनके साथ बातचीत की थी। जो काफी यादगार रही।
उनका एक अतुलनीय और जुनूनी व्यक्तित्व था। बता दें कि सोहा अली एक्टर सैफ अली खान की बहन हैं। जिनकी शादी कृष्णा राज की पोती करीना कपूर से हुई। फिल्म निर्माता.निर्देशक मधुर भंडारकर ने ट्वीट में लिखा कि कृष्णा राज कपूर के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। शोक में डूबे परिवार के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर पूरे कपूर परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे।