Election: चुनाव को लेकर सीएम योगी ने कसी कमर, करेंगे ताबड़तोड़ रैलियां!

लखनऊ: निकाय चुनाव को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ काफी गंभीर हैं। मुख्यमंत्री योगी ने भाजपा को जीत दिलाने के मकसद से निकाय चुनाव में आज से प्रचार अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। सीएम आज अयोध्या अपने चुनाव प्रचार के कार्यक्रम को शुरू करेंगे।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या से निकाय चुनाव प्रचार का शुभारंभ करेंगे। उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पांडेय भी होंगे। इसके बाद वह गोंडा और बहराइच की सभा को भी संबोधित करेंगे। निकाय चुनाव प्रचार के लिए योगी की 36 सभाएं तय हो चुकी हैं और आगे इसमें वृद्धि भी हो सकती है लेकिन अयोध्या उनकी प्राथमिकता बनी है।

निकाय चुनाव 22 नवंबर से तीन चरणों में होंगे। विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली जबरदस्त सफलता के बाद निकाय चुनावों को योगी आदित्यनाथ सरकार की लोकप्रियता का लिटमस टेस्ट माना जा रहा है। भाजपा अयोध्या से उनकी सभा की शुरुआत को एक खास संदेश के रूप में प्रचारित करने में लगी है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ चंद्रमोहन कहते हैं कि मुख्यमंत्री की इस यात्रा से आम जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाएंगे।

गोरखपुर नगर निगम मुख्यमंत्री और वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र से जुड़ा है। इस वजह से ये दोनों सीटें भी वीवीआइपी हो गई हैं। भाजपा ने हर नगर निगम को किसी न किसी वजह से खास बना दिया है। विपक्ष भी भाजपा की राह रोकने में पूरी ताकत से जुटा है। योगी और डॉ पांडेय मंगलवार को हेलीकॉप्टर से 11 बजे राजकीय इंटर कालेज अयोध्या फैजाबाद पहुंचेंगे।

11 बजकर 50 मिनट पर जनसभा को संबोधित करेंगे तथा एक बजकर 45 मिनट पर हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइंस गोंडा पहुंचेंगे। इसके बाद गोंडा में सरदार भगत सिंह इंटर कालेज टामसन मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। तीन बजकर 45 मिनट पर पुलिस लाइन बहराइच पहुंचेंगे और महराज सिंह इंटर कालेज मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। सायं छह बजे लखनऊ वापसी होगी।

 

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com