लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी ने लखनऊ की मेयर की सीट के लिए स्वर्गीय सतीश भाटिया की पत्नी संयुक्ता भाटिया को लखनऊ से मेयर का प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने कल रात नगर निगमों के महापौर के आठ उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी।

इसके पहले भाजपा ने शनिवार को पांच उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। भाजपा ने अब तक महापौर पदों के लिए 13 उम्मीदवारों का नाम घोषित किया है। अब भी तीन उम्मीदवारों के नाम घोषित करने को शेष रह गए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने कल रात दूसरी सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह के क्षेत्र लखनऊ समेत आठ नगर निगमों के महापौर उम्मीदवार का नाम घोषित किया।
वाराणसी से मृदुला जायसवाल, अलीगढ़ से डॉ राजीव अग्रवालए लखनऊ से संयुक्ता भाटिया, मथुरा से डॉ.मुकेश आर्य बंधु, झांसी से रामतीर्थ सिंघल, मुरादाबाद से विनोद अग्रवाल, सहारनपुर से संजीव वालिया और गाजियाबाद से आशा शर्मा को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
अब तीन नगर निगम बरेली, इलाहाबाद और फीरोजाबाद के उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है। भाजपा ने इस बार निकाय चुनाव के उम्मीदवार घोषित करने में जातीय और जिताऊ समीकरण पर जोर दिया है।
भाजपा ने उम्मीदवारों के चयन के लिए कई दिनों तक मंथन किया है। खास यह कि सरकार और संगठन के बीच तालमेल बिठाने के साथ ही कार्यकर्ताओं को भी साधने की कोशिश की गई है। पुराने कार्यकर्ताओं और स्थापित परिवारों के लोगों को मौका देने के साथ ही व्यापारियों को लुभाने के लिए भाजपा ने विशेष पहल की है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features