राजकोट। मोईन अली (117) के शतक के बाद बेन स्टोक्स ने भी गुरुवार को भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शतक जड़ दिया। 99 रन पर खेल रहे स्टोक्स ने भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा की गेंद पर चौका मारते हुए अपना सैकड़ा पूरा किया।

इंग्लैंड ने दूसरे दिन समाचार लिखे जाने तक 138 अोवरों में पहली पारी में 8 विकेट पर 485 रन बना लिए हैं। स्टोक्स(108) और अंसारी(6) रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की तरफ से दूसरे दिन भी कैच छोड़े गए।
इंग्लैंड ने दूसरे दिन सुबह 311/4 से आगे खेलना शुरू किया। मोईन ने दिन के पहले ही अोवर में मोहम्मद शमी की गेंद पर एक रन लेते हुए शतक पूरा किया। यह उनका भारत के खिलाफ पहला तथा कुल चौथा टेस्ट शतक है। उन्होंने 195 गेंदों में 9 चौकों की मदद से यह उपलब्धि हासिल की। मोईन 117 रन बनाने के बाद शमी की गेंद को लेफ्ट करने के चक्कर में बोल्ड हुए।
इसके बाद स्टोक्स ने जॉनी बेयरस्टो के साथ पारी को आगे बढ़ाया। स्टोक्स भाग्यशाली रहे कि उन्हें दो बार जीवनदान मिले, दोनों बार गेंदबाज थे उमेश यादव और दोनों बार कैच छोड़े थे विकेटकीपर रिद्धिमान साहा ने। उस वक्त स्टोक्स क्रमश: 60 और 61 के निजी स्कोर पर खेल रहे थे। स्टोक्स और बेयरस्टो की साझेदारी को शमी ने उन्हें साहा के हाथों झिलवाकर तोड़ा। बेयरस्टो ने 57 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए और उन्होंने स्टोक्स के साथ छठे विकेट के लिए 99 रनों की भागीदारी की। लंच के तुरंत बाद जडेजा ने क्रिस वोक्स (4) को विकेटकीपर साहा के हाथों झिलवाया।
इसके पूर्व पहले दिन भारत ने खराब फील्डिंग करते हुए इंग्लिश बल्लेबाजों को कई जीवनदान दिए थे। पहले दिन जो रूट ने शतक (124) लगाकर मेहमान टीम को मजबूत शुरुआत दी थी।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features