लखनऊ: भाजपा ने कैराना और नूरपुर में उपचुनाव के लिए मंगलवार को अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। लोकसभा की कैराना सीट पर मृगांका सिंह जबकि विधानसभा की नूरपुर सीट पर अवनी सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

कैराना में हुकुम सिंह और नूरपुर में विधायक लोकेन्द्र सिंह चौहान के निधन के कारण रिक्त स्थानों को भरने के लिए उपचुनाव हो रहा है। बता दें कि मृगांका सिंह कैराना से भाजपा सांसद रहे हुकुम सिंह की पुत्री हैं। भाजपा ने उन्हें विधानसभा चुनाव में कैराना सीट से उम्मीदवार बनाया था लेकिन वह सपा के नाहिद हसन के मुकाबले पराजित हो गई थीं।
नूरपुर में उम्मीदवार बनाई गई अवनी सिंह यहां से भाजपा के टिकट पर दो बार विधायक रहे दिवंगत लोकेन्द्र सिंह चौहान की पत्नी हैं। अवनी अभी तक राजनीतिक रूप से सक्रिय नहीं रही हैं। पार्टी ने मृगांका के जरिये कैराना में सहानुभूति के साथ ही हुकुम सिंह की विरासत से सियासत के समीकरण साधने की कोशिश की है।
नूरपुर में भी भाजपा को सहानुभूति का लाभ मिलने की संभावना है। उपचुनाव के लिए इन दो सीटों पर भाजपा को रोकने के लिए सपा गठबंधन ने भी अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। गठबंधन में कैराना लोकसभा सीट राष्ट्रीय लोकदल के हिस्से में गई है।
जिस पर मौजूदा समय में सपा की नेता तबस्सुम हसन को मौका दिया गया है। वो रालोद के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेंगी। वहीं नूरपुर में सपा ने नईमुल हसन को कैंडिडेट बनाया है। इन दोनों सीटों पर मतदान 28 मई को और मतगणना 31 मई को होगी।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features