आज का मौसम: जानें राज्यों में कैसा रहेगा मौसम

आमतौर पर अक्टूबर के पहले हफ्ते में ही हल्की ठंड का एहसास होने लगता था लेकिन अब अक्टूबर का आधा माह बीतने वाला है लेकिन दिल्ली में ठंड ने अब तक दस्तक नहीं दी है। वहीं बिहार के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। जम्मू कश्मीर में हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी भी हुई।

अक्टूबर का आधा महीना बीतने वाला है लेकिन अभी भी लोगों को कूलर, AC और पंखों का सहारा लेना पड़ रहा है। राजधानी दिल्ली में सुबह के समय गुलाबी ठंड का एहसास तो हो रहा है लेकिन दिन में तेज गर्मी के कारण लोगों को परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है।

मौसम विज्ञानियों की मानें तो अभी इस सप्ताह ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद अगले सप्ताह तापमान में गिरावट आने लगेगी और ठंडक का एहसास भी होने लगेगा।

बिहार में हो रही हल्की वर्षा

बिहार के उत्तर व दक्षिण पूर्व भागों में एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने के साथ पटना सहित शेष जिलों का मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है। वहीं, बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिणी और उत्तरी भागों के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई है।

मधेपुरा के मुरलीगंज में भी 34.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बुधवार को 15 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई तो पटना सहित 16 जिलों के तापमान में गिरावट आई है। 36.8 डिग्री सेल्सियस के साथ वैशाली में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

झारखंड में मौसम रहेगा साफ

झारखंड में आज भी मौसम शुष्क बने रहने के आसार हैं। आज पूरे राज्य में कहीं भी भारी बारिश का अनुमान नहीं है। वहीं, गर्मी और गरज-चमक को लेकर भी मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। झारखंड की राजधानी रांची में आज आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा।

बता दें कि झारखंड में अब मानसून समाप्त होने वाला है। इस बीच, राज्य में लगभग सभी जगहों पर तापमान में थोड़ी गिरावट भी दर्ज की गई है। बीते दिनों लोगों ने कुछ जगहों पर हल्की बारिश का भी अनुभव किया।

जम्मू-कशमीर में पड़ रही ठंड
जम्मू-कश्मीर में ठंड की आहट होने लगी है। पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड लगभग आ चुकी है। बीते दिन ही मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में जोजिला के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी देखी गई थी। जिससे पूरा पहाड़ सफेद बर्फ की चादर से ढका हुआ नजर आ रहा था। जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की-फुल्की बारिश देखी गई। बारिश होने के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

पंजाब में पड़ रही हल्की ठंड
पंजाब में मौसम में बदलाव जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक आज आसमान साफ रहने के अनुमान लगाए गए हैं। वहीं न्यूनतम तापमान 21 और अधिकतम तापमान 31.8 रहेगा। सुबह और रात के तापमान में हल्की ठंड बनी हुई है। वहीं दिन में अभी भी चिलचिलाती धूप से लोग परेशान हैं।

हिमाचल के कई जिलों में आंधी के आसार
प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में मौसम साफ रहने से मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य है। पूरे जनजातीय क्षेत्रों में धूप खिलने से तापमान में सुधार हुआ है। मौसम विभाग की ओर से 15 अक्टूबर को प्रदेश के 5 जिलों में आंधी के साथ वर्षा होने की जानकारी दी गई है।

कहां हो सकती है बारिश?
आईएमडी के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में हल्की वर्षा देखने को मिल सकती है। इसके बाद बारिश में कमी आने की संभावना है।

इस बीच, कुछ और राज्यों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्से, गांगेय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी हो सकती है।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com