मऊआइमा थाना क्षेत्र का बुआपुर गांव शुक्रवार सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। दो पक्षों के बीच कई राउंड फाय¨रग हुई। इससे गांव में सनसनी फैल गई। गोली व छर्रा लगने से दोनों पक्ष से एक महिला समेत पांच लोग जख्मी हो गए। घायलों को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे भूमि का विवाद सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, बुआपुर गांव निवासी गुलाम और बन्ने के बीच जमीन को लेकर पुरानी अदावत है। उनके बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। कहा जा रहा है कि शुक्रवार सुबह भी भूमि को लेकर उनके बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। झगड़ा बढ़ते ही दोनों पक्षों से कई लोग लाठी, डंडा और असलहे लेकर निकल आए। देखते ही देखते फाय¨रग शुरू हो गई। दोनों तरफ से गोली चलते ही सनसनी फैल गई। गोली व छर्रा लगने से एक पक्ष के आलिया बानो पत्नी मो. आदिल, आरिफ पुत्र सिराजुद्दीन और उसका भाई रसूल जख्मी हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से गुलाम रसूल पुत्र अब्दुल गफ्फार और मो. सरताज पुत्र याकूब घायल हो गए। इससे वहां तनाव व्याप्त हो गया। खबर पाते ही मऊआइमा पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। कहा जा रहा है कि आलिया की हालत गंभीर है। एसपी गंगापार सुनील सिंह ने बताया कि भूमि विवाद में घटना हुई है। घायलों को अस्पताल भिजवा दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features