रांची। शादी के सात फेरे लेते वक्त एक पति अपनी पत्नी का साथ निभाने और दुनिया भर की खुशियां देने का वचन देता है। अग्नि को साक्षी मानते वक्त धर्मपत्नी की रक्षा करना उसका पहला कर्तव्य होता है। मगर जब वही पति अपनी पत्नी की आबरू का दुश्मन बन जाए तो पवित्र रिश्तों पर कलंक लग जाता है।

रिश्तों को तार-तार करने का ऐसा ही मामला लालपुर थाने में आया। जहां शनिवार को एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ FIR दर्ज कराते हुए कहा कि उसका पति अपने दोस्तों के साथ यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डालता है और विरोध करने पर मारपीट भी करता है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल पीड़िता की शादी 29 जनवरी 2016 को हुई थी। शादी के दो माह तक सब कुछ ठीक रहा। लेकिन बाद में पीड़िता को उसकी सास प्रताड़ित करने लगी। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने मायके से दहेज लाने के लिए भी उसे प्रताड़ित किया।
एक दिन घर में पार्टी जैसा माहौल था। लोग शराब पी रहे थे और गंदी बात कर रहे थे। पीड़िता अपने कमरे में थी, उसी दौरान दो लोग पीड़िता के कमरे में घुस गए और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर ससुरालवालों ने कहा, वे वीआइपी हैं, जो चाहते हैं, करने दो, तुम्हारी किस्मत बदल जायेगी। जिसका विरोध करने पर पति ने शराब के नशे में पिटाई की। हालांकि इस घटना की शिकायत करने महिला 11 अगस्त को लालपुर थाने गयी थी, लेकिन तब परिवार की बदनामी के डर से पुलिस को घटना के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी थी।
पीड़िता इस उम्मीद में थी कि शायद पुलिस के समझाने पर पति और ससुरालवाले सुधर जाए और पति-पत्नी के संबंध न टूटें, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शिकायत के बाद उसे फिर से प्रताड़ित किया जाने लगा। पति और ससुराल वाले उसकी हत्या तक की कोशिश कर चुके है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features