किसी भी महीने की अमावस्या तिथि पितरों के लिए समर्पित मानी जाती है। परम्परा है कि इस दिन पितरों के निमित्त कुछ काम किए जाएं तो उन्हें शांति प्राप्त होती है तथा पितर संतुष्ट होकर अपने बच्चों को आशीर्वाद देते हैं। इसलिए अमावस्या के दिन पितरों के नाम से दान-पुण्य करना चाहिए तथा गीता का पाठ पढ़ना चाहिए। इससे पितरों को सद्गति मिलती है। आषाढ़ मास की अमावस्या तिथि 9 जुलाई को पड़ रही है। ज्योतिष विशेषज्ञों का कहना है कि अगर अमावस्या तिथि पर एक पेड़ लगाया जाए तो वो बेहद पुण्यदायी होता है। इससे पितर बहुत खुश होते हैं तथा जैसे जैसे वो पौधा बढ़ता जाता है, वैसे वैसे जिंदगी की कई परेशानियां दूर होती जाती हैं। मगर इन पौधों को लगाने के पश्चात् इनकी सेवा भी करनी चाहिए। अगर आपकी कुंडली में पितृ दोष है, तो आपको अमावस्या के दिन उनके निमित्त पौधे लगाने चाहिए जिससे उनको सद्गति प्राप्त हो तथा परिवार को पितरों का आशीर्वाद प्राप्त हो सके। जानिए उन पौधों के बारे में जिन्हें अमावस्या पर लगाना शुभ माना जाता है।
पीपल:-
पीपल के पेड़ को हिन्दू धर्म में पूज्यनीय माना गया है। प्रभु श्री कृष्ण ने इसे कलयुग में अपना साक्षात अवतार बताया है। पितरों को शांति देने के लिए अमावस्या पर इसे लगाना खास शुभ माना जाता है। इसके अतिरिक्त अमावस्या के दिन पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक लगाना भी बहुत शुभ होता है। यदि कुंडली में गुरु चांडाल योग हो तो पीपल अवश्य लगाना चाहिए।
बरगद:-
बरगद को शास्त्रों में मोक्षदायी पेड़ माना जाता है। अमावस्या के दिन इसे लगाने से पितरों को सद्गति मिलती है तथा उसका परिवार बहुत फलता फूलता है। परिवार के सदस्यों की आयु बढ़ती है। इस दिन बरगद के वृक्ष के नीचे बैठकर शिवजी की आराधना करना भी बहुत शुभ माना जाता है। पूजा के पश्चात् पेड़ की तीन बार परिक्रमा करनी चाहिए।
बेल:-
बेल का पेड़ शिवजी का प्रिय पेड़ माना जाता है। अमावस्या के दिन इसे लगाने से पितृ तृप्त होते हैं तथा उनकी आत्मा को शांति प्राप्त होती है। इसके अतिरिक्त शिवलिंग पर पितरों के नाम से गंगाजल अर्पित करके बेलपत्र चढ़ाने से भी पितरों को शांति प्राप्त होती है।
तुलसी:-
तुलसी के पौधे को भी बैकुंठ ले जाने वाला पौधा कहा जाता है। अमावस्या के दिन पितरों के नाम से इस पेड़ को लगाना काफी अच्छा माना जाता है। इससे पितरों को मुक्ति प्राप्त होती है। अगर पितृ पक्ष में तुलसी के पौधे को लगाया जाए तो ये और भी शुभ होता है। माना जाता है कि जिस घर में तुलसी का पौधा होता है, वहां वास्तु दोष समाप्त हो जाता है तथा परिवार के सदस्यों की अकाल मृत्यु से रक्षा होती है।
 TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
				 
		
		 
						
					 
						
					