जिला पुंछ के मेंढर सेक्टर में बालाकोट नियंत्रण रेखा पर गश्त लगाते समय दो जवान बारूदी सुरंग की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों जवानों को पुंछ सैन्य अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद एक जवान को राजौरी जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे जवान को ऊधमपुर सैन्य अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा दोपहर लगभग 12.30 बजे पेश आया। सीमा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जवानों का एक गश्ती दल बालाकोट में नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों का दौरा लगा रहा था। इस दौरान दो जवानों का पांव बारूदी सुरंग पर पड़ गया। इससे पहले कि उन्हें पता चला बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों की मदद से दोनों जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार जवानों को गंभीर चोटें आई हैं।
घायल जवानों की पहचान सिपाही इनायत हुसैन जो बीएसएफ 59 बटालियन का जवान है परंतु इन दिनों सेना की 14 पंजाब बटालियन के साथ अटैच है। वहीं दूसरे जवान की पहचान 14 पंजाब बटालियन के सिपाही साहिल कुमार के तौर पर हुई है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों जवानों को गंभीर चोटें आई हैं। बीएसएफ जवान को पुंछ अस्पताल में प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद जिला राजौरी सैन्य अस्पताल स्थानांतिरत कर दिया गया जबकि घायल सेना के दूसरे जवान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ऊधमपुर सैन्य अस्पताल भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features