नई दिल्ली: दिल्ली- एनसीआर के कई इलाकों में बारिश से मौसम सुहवना हो गया। साथ ही लोगों को गर्मी से राहत भी मिली। सुबह.सुबह हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। तेज बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया है।

नोएडा सेक्टर 15, सिटी सेंटर, सेटक्टर 52 और अशोक नगर समेत के कई इलाकों में तेज बारिश हुई है। दिल्ली के कालकाजी विस्तार, वसंत कुंज, मुनिरका और वसंत विहार क्षेत्रों में बारिश हुई। सुबह हुई बारिश से लोगों को ऑफिस आने में परेशानी हुई। वहीं इससे पहले दिल्ली एनसीआर में सोमवार रात हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिला दी।
मौसम की इस मेहरबानी के कारण 40 पार चल रहा तापमान 35.6 डिग्री आ पहुंचा। यह बीते तीन साल में 14 मई का सबसे कम तापमान रहा है। अगले दो दिन से तीन दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आज रात से एक पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है।
इसका असर दिल्ली, एनसीआर समेत पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र पर होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को हल्की बारिश व गरज के साथ छींटे पड़ सकती हैं। अगले 2 दिन में उत्तर पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा। उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानों में धूल उड़ाती हवाएं चलने की संभावना है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features