लखनऊ , 8 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद में शुक्रवार की देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक सर्राफ व उसके छोटे भाई को गोली मार दी। बदमाश उनसे 32 लाख के जेवरात व नकदी लूट ले गये। गोली लगने से घायल दोनों भाईयों को इलाज के लिए कानपुर भर्ती कराया गया है। उन्नाव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लालगंज के प्रथम गांव निवासी सुरेन्द्र की टेढ़ा गांव स्थित बस स्टाप के पास जेवरात की दुकान है। बताया जाता है कि शुक्रवार की रात रोज की तरह सुरेन्द्र अपने छोटे भाई नरेन्द्र के साथ दुकान बंद करके बाइक से घर लौट रहा था। ओसिया-टेढ़ा मार्ग के पास एक बाइक सवार तीन असलहाधारी बदमाशों ने उनको रोकने की कोशिश की। बदमाशों को देख नरेन्द्र ने बाइक को और रफ्तार दे दी। इस पर बदमाशों ने नरेन्द्र की बाइक का पीछा करते हुए उसको गोली मार दी। गोली नरेन्द्र के हाथ पर लगी और वह बाइक लेकर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने सुरेन्द्र से जेवरात व रुपये का बैग छीनने की कोशिश की। सुरेन्द्र ने बदमाशों का विरोध किया तो बदमाशों ने पहले उसके सिर पर तमंचे की बट से कई वार किये और फिर उसके सीने पर गोली मार दी। गोली मारने के बाद बदमाशों ने सुरेन्द्र से बैग छीन लिया। इस बीच घायल नरेन्द्र ने मदद के लिए शोर मचा दिया। शोर होते ही गांव के लोग मदद के लिए दौड़े तो बाइक सवार बदमाश वहां से भाग खड़े हुए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी। पुलिस ने दोनों घायल भाईयों को इलाज के लिए कानपुर में भर्ती कराया है। पुलिस अब बदमाशों की तलाश में जुट गयी है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features