पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का गुरवार की शाम दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। दिल्ली एम्स से जारी मेडिकल बुलेटिन से मिली इस जानकारी से पूरे देश में शोक की लहर फैल गई है। पूरा बिहार रो पड़ा है। 
बता दें कि गुरुवार की सुबह से ही बिहार में जगह-जगह लोग उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना और हवन कर रहे थे। लेकिन, तमाम चिकित्सकीय सहायता व दुआओं के बावजूद उनके निधन को रोका नहीं जा सका।
अटल बिहारी वाजपेयी के स्वास्थ्य के लिए आज सुबह पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के सलीमपुर अहरा शिव मंदिर में लोजपा और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हवन पूजन किया था। महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में दीया लेकर पूर्व प्रधानमंत्री के लिए आरती की। एेसा ही पूरे राज्य में देखने को मिला। साथ ही लोग उनका हाल जानने के लिए दिनभर टीवी व वेबसाइट्स से चिपके रहे।
वाजपेयी बीते कई दिनों से दिल्ली एम्स में भर्ती थे। बुधवार की शाम उनकी हालत नाजुक होने की खबर आई। इसके बाद एम्स में मिलने वालों का तांता लग गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई नेता पूर्व प्रधानमंत्री का हालचाल लेने पहुंचे।
यह सिलसिला आज भी जारी रहा। बिहार के कई राजग व भाजपा नेता भी एम्स पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी भी उनके अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली एम्स पहुंचे। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री व बक्सर सांसद अश्विनी चौबे ने एम्स पहुंचकर अटल बिहारी वाजपेयी का हालचाल जाना। भाजपा प्रवक्ता शहनवाज हुसैन अटल बिहारी से मिलने एम्स पहुंचे। शहनवाज काफी समय तक वहां रूके।
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने भी उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। भाजपा सांसद रेणु देवी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष ने नित्यानंद राय ने भी अटल बिहारी वाजपेयी के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की। लेकिन, ये शुभकामनाएं काम नहीं आ सकीं।
वाजपेयी के निधन के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में हलचल बढ़ गई है। इस बीच बिहार भाजपा ने अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिये हैं।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features