पॉपुलर रैपर हनी सिंह अपना 35 वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। 15 मार्च 1983 को पंजाब के होशियारपुर में हनी सिंह का जन्म हुआ था। उनका असली नाम हिरदेश सिंह है लेकिन जब वह स्टेज पर परफॉर्म करने लगे तो उन्होंने अपना नाम यो यो हनी सिंह रख लिया। हनी सिंह ने बॉलीवुड में अपने रैप से खूब धूम मचाया। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत यूट्यूब वीडियो से की थी जिसके बाद वह रातों रात इंटरनेट सेंसेशन बन गए।
इसके बाद हनी सिंह ने कई एलबम में काम किया और उनके सभी गाने सुपरहिट हुए। देखते ही देखते हनी सिंह युवाओं के बीच पॉपुलर हो गए। हनी सिंह ने ‘लुंगी डांस’, ‘चार बोतल वोडका’, ‘ब्लू आइज’ जैसे लोकप्रिय गाने दिए हैं, लेकिन अचानक ही वह इंडस्ट्री से गायब हो गए। इसी बीच उनके मानसिक बीमारी से जूझने की खबरें आई। हालांकि हनी सिंह ने मानसिक बीमारी की खबरों से इनकार किया था और बताया कि, ‘मैं बायपोलर डिसऑर्डर से जूझ रहा था जिसकी वजह से लिखना और गाना छोड़ दिया था। मैं शराब का आदी था इसलिए यह बीमारी और बढ़ गई थी।’ बता दें कि, यह एक तरह की दिमागी बीमारी है जो डिप्रेशन की ही तरह होती है। इसमें इंसान या तो ज्यादा खुश महसूस करता है या फिर बहुत ज्यादा दुखी हो जाता है।
कहा तो यह भी गया था कि हनी सिंह को ड्रग्स और नशे की आदत हो गई थी और उसे छुड़ाने के लिए वह रिहैब सेंटर में अपना इलाज करवा रहे थे। इतना ही नहीं हनी सिंह की एक तस्वीर भी साल 2014 में सोशल मीडिया पर वायरल हुई जिसमें वह अस्पताल के बेड पर जख्मी लेटे नजर आए। इस तस्वीर के साथ यह मैसेज फैलाया गया कि हनी सिंह की मौत हो गई है लेकिन इसके बाद हनी सिंह ने ट्विटर अकाउंट से पोस्ट कर यह जानकारी दी कि यह सब बातें महज अफवाह हैं। यह तस्वीर उनके एक गाने की थी।
चर्चा तो यह भी थी कि एक ट्रिप के दौरान बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान ने उन्हें थप्पड़ मारा था। इसके बाद हनी सिंह की पत्नी शालिनी ने यह साफ किया कि यह सब केवल अफवाह है। जवाब देते हुए शालिनी ने कहा कि, शाहरुख क्यों इन्हें थप्पड़ मारेंगे? यह बात सब जानते हैं कि हनी शाहरुख की कितनी इज्जत करते हैं और शाहरुख भी हनी को अपने छोटे भाई की तरह मानते हैं। उन्होंने कहा कि बल्कि शाहरुख ने हमारी मदद की और हमारा साथ दिया।
पिछले काफी दिनों से हनी सिंह गायब थे लेकिन हाल ही में उन्होंने फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ से वापसी की है। हनी सिंह ने ‘दिल चोरी साड्डा हो गया’ गाने से एक बार फिर वापसी की है। हनी सिंह के इस गाने को आजकल काफी पसंद किया जा रहा है। हनी सिंह जल्द ही अपने फैंस के लिए नया गाना लाने वाले हैं।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features