बारिश से एक मकान की दीवार पड़ोस के छप्पर पर गिर गई। मलबे में एक युवक सहित चार बकरियां दब गईं। बकरियों की तो मौके पर मौत हो गई, जबकि युवक ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना मवई ब्लॉक के सर्वसुख पुरवा मजरे फरीदपुर गांव की है। गांव निवासी भगवानदीन की कच्ची दीवार बरसात में पड़ोसी अशोक के छप्पर पर गिर गई। छप्पर के नीचे सो रहे अशोक कुमार दीवार के मलबे में दब गए। उनकी चार बकरियां भी मलबे में दब गईं।
दीवार गिरने की आवाज सुन आसपास के लोगों ने मलबे को हटा कर अशोक कुमार व उनकी बकरियों को बाहर निकाला। चारों बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। घायल अशोक को ग्रामीण रुदौली सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में अशोक की भी मौत हो गई। एसडीएम विपिन कुमार सिंह ने बताया मौके पर कानूनगो बृजेश कुमार व लेखपाल सौरभ सिंह को भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने पर अहेतुक सहायता दी जाएगी।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features