बांदा विधायक के गांव में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपितों की तलाश

भाजपा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के गांव खुरहंड में गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई। पहले से चली आ रही प्रधानी की रंजिश में जिला पंचायत की सीसी सड़क निर्माण आग में घी का काम कर गई। दो पक्ष आमने-सामने आ गए। गोलीबारी के बीच फावड़ा और कुल्हाड़ी चलने लगे। गोली लगने से पूर्व प्रधान के बेटे की मौत हो गई, जबकि धारदार हथियार के वार से उसका चचेरा भाई व दूसरे पक्ष से वर्तमान प्रधान का भतीजा गंभीर रूप से जख्मी हुआ। दोनों को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही एएसपी व भारी फोर्स के साथ गांव पहुंचे। गांव को छावनी बना दिया गया है। गांव में दो पक्षों के बीच तनाव व्याप्त है। एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना ने बताया कि अभी तक किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई है। जांच के साथ आरोपितों की तलाश की जा रही है।

गिरवां थाना क्षेत्र के खुरहंड गांव में जिला पंचायत द्वारा करीब सौ मीटर सीसी सड़क बनवाई जा रही है। इसी को लेकर गुरुवार सुबह पूर्व प्रधान छत्रपाल सिंह के 35 वर्षीय पुत्र अजीत सिंह व दूसरे पक्ष से वर्तमान प्रधान अशोक सिंह पत्नी पूर्व ब्लाक प्रमुख अनूप सिंह के बीच तनातनी हो गई। बात बढ़ी तो दोनों पक्ष के लोग जुट गए। छत्रपाल का कहना है कि अनूप सिंह, उनके भतीजे विकास व लड़के दस बारह साथियों के साथ बोलेरो से पहुंचे और हमला कर दिया। चार से पांच राउंड गोली चलाई गई। लाइसेंसी रायफल व तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। जिसमें अजीत सिंह के सीने में गोली लगी और वह गिर पड़ा।

जमकर चले फावड़े व कुल्हाड़ी 

दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। दूसरे पक्ष ने भी फावड़े व कुल्हाड़ी से जवाबी हमला बोल दिया। मारपीट में अजीत सिंह के चाचा का लड़का 32 वर्षीय अभय गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरे पक्ष से वर्तमान प्रधान का 38 वर्षीय भतीजा विकास सिंह पुत्र अशोक सिंह लहूलुहान हो गया। गोलीबारी के बीच भगदड़ मच गई। लोग घायलों को लेकर आननफानन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां अजीत को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद अभय और विकास को कानपुर रेफर कर दिया गया।

आठ दिन से चल रहा था विवाद 

ग्रामीण बताते हैं कि सीसी सड़क पंद्रह दिन पहले बनना शुरू हुई थी। करीब 70 फीसद बन भी चुकी है। आठ दिन पहले पूर्व ब्लाक प्रमुख अनूप सिंह की पत्नी व वर्तमान प्रधान अशोका सिंह पक्ष ने विरोध जताया था। उनका कहना था कि यह सड़क भूमिधरी जमीन पर बन रही है। इसका उनको मुआवजा चाहिए। आरोप है कि इसको लेकर ठेकेदार के एक सहयोगी के साथ मारपीट भी की गई थी। जिसमें अनूप के रिश्तेदार रामबिहारी के खिलाफ मारपीट व एससीएसटी का मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

विधायक ने कराई थी पंचायत 

विवाद शुरू होने के बाद सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने ठेकेदार व दूसरे पक्ष के बीच पंचायत कराई थी। जिसमें बीस हजार रुपये पूर्व ब्लाक अनूप सिंह पक्ष को दे दिए गए थे। जिसके बाद करीब छह दिन पहले काम फिर शुरू हो गया था। गुरुवार को फिर अजीत व अनूप में सड़क निर्माण को लेकर बहस हुई, जिसने खूनी रूप ले लिया।

मृतक के पिता छत्रपाल सिंह व चाचा शिक्षक सरोज सिंह ने बताया कि गुरुवार को पूर्व ब्लाक प्रमुख पक्ष की तरफ से फिर पचास हजार रुपये की मांग शुरू हो गई और काम बंद करा दिया गया। जिसको लेकर ठेकेदार से विवाद हुआ। वहीं उनका लड़का बैठा था। प्रधानी की पुरानी रंजिश व कुछ दिन पहले हुए विवाद को लेकर बोलेरो में भरकर आए असलहाधारी लोगों ने उसके ऊपर ताबड़तोड़ गोली चला दी।

अस्पताल में गूंजी बदला लेने की आवाज 

अजीत सिंह को मृत घोषित देख साथ आए लोगों में आक्रोश भर गया। लोग खून का बदला खून की बात कहते हुए आक्रोशित हो गए। भारी फोर्स पहुंचा, जिसके बाद शांत कराया गया।

पुलिस पर भगाने का आरोप

शिक्षक सरोज सिंह का आरोप है कि जब उसके भतीजे अजीत  सिंह को घेरे जाने की सूचना मिली तो वह स्कूल से सीधे दौड़ते हुए चौकी पहुंचे। जहां हालात बताए तो भगा दिया गया। पुलिस ने कहा कि जाओ तुम भी मारो। अगर पुलिस तुरंत पहुंचती तो शायद अनहोनी को रोका जा सकता था। उन्होंने बताया कि घटनास्थल चौकी से ढाई किमी. दूरी पर है, पुलिस ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते घटना हो गई।

भाई की रायफल होने का लगाया आरोप

मृतक के पिता छत्रपाल का आरोप है कि पूर्व ब्लाक प्रमुख अनूप सिंह के भाई अजय उर्फ बच्चा की लाइसेंसी रायफल से गोली चलाई गई। जिसमें बेटे की जान गई है।

मृतक के पिता व मां रहे चुके प्रधान

गोलीबारी में मारे गए अजीत के पिता व मां दो बार गांव के प्रधान रह चुके हैं। छत्रपाल ने बताया कि इस बार उनकी पत्नी बसंती देवी चुनाव लड़ी थीं। जबकि दूसरे पक्ष से पूर्व ब्लाक प्रमुख की पत्नी अशोका कुमारी मैदान में थीं और वह चुनाव जीती थीं। चुनाव की यही रंजिश इस बड़ी घटना का मुख्य कारण बनी है।

बोले जिम्मेदार

एएसपी महेंद्र प्रताप चौहान ने बताया कि गांव के हालात पर नजर रखी जा रही है। सीसी सड़क व पहले की रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं, जिसमें एक की मौत हो गई। जांच की जा रही है।

 

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com