मुंबई पुलिस ने छोटा राजन गैंग के सदस्य को किया गिरफ्तार

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 1994 में छोटा राजन गैंग का सदस्य और उसके अन्य चार साथियों को सिंधी कैंप रियल एस्टेट ब्रोकर के कार्यालय से डकैती के मकसद से हथियार ले जाने के दौरान गिरफ्तार किया गया था।

मुंबई पुलिस ने शनिवार को छोटा राजन गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो पिछले 28 सालों से सूरत से फरार चल रहा था। आरोपी पर साल 1994 में डकैती का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की पहचान 59 वर्षीय साबिर बरकतअली लखानी के तौर पर की गई है, जो एंटॉप हिल इलाके का निवासी है। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने उसे गिरफ्तार किया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘1994 में छोटा राजन गैंग का सदस्य और उसके अन्य चार साथियों को सिंधी कैंप रियल एस्टेट ब्रोकर के कार्यालय से डकैती के मकसद से हथियार ले जाने के दौरान गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान उनलोगों ने भी अपराध शाखा के अधिकारियों पर हमला किया था।’

उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 399 (डकैती की साजिश रचने), 307 (हत्या) और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया था। स्थानीय अदालत ने आरोपियों को पांच साल की सजा सुनाई थी। पांच में से तीन आरोपियों की मौत पुलिस एनकाउंटर में हो गई थी, लेकिन लखानी और एक अन्य आरोपी 1995 में फरार होने में कामयाब हुआ था, जिसके बाद अदालत ने दोनों के खिलाफ गैर जमानती वॉरंट जारी किया था।

एक खुफिया सूचना के तहत अपराध शाखा को लखानी के सूरत में होने की जानकारी मिली थी। लखानी के खिलाफ गुजरात समेत कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। बदमाश छोटा राजन अभी भी दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com