
लखनऊ , 4 अक्टूबर। गोसाईगंज इलाके में रविवार देर रात बाग में बंधक बनाकर एक युवक ने लड़की के साथ दुराचार करने की कोशिश की। इस बीच चीख पुकार सुन लड़की के पिता वहां पहुंच गये तो आरोपी युवक वहां से भाग निकला। इस मामले में पुलिस ने महज छेडख़ानी की रिपोर्ट दर्ज की है और युवक को हिरासत में ले लिया है। गोसाईगंज के टिकनिया मऊ में एक किसान अपने परिवार के साथ रहता है। बताया जाता है कि रविवार की रात किसान की 14 साल की बेटी शौच के लिए निकली थी। कुछ दूर बाग में जाने के बाद लड़की को गांव के रहने वाले फुरकान नाम के युवक ने पकड़ लिया। आरोप है कि उसने लड़की के साथ पहले अश्लील हरकत की। लड़की ने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ दुराचार करने की कोशिश की। यहां तक कि आरोपी ने लड़की के कपड़े तक फाड़ डाले। लड़की की चीख पुकार सुन उसके पिता मदद के लिए दौड़े तो आरोपी वहां से भाग निकला। इसके बाद परिवार के लोग किशोरी को थाने लेकर पहुंचे और घटना की शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में महज छेडख़ानी की रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features