राम मंदिर में रामकथा संग्रहालय में कानूनी लड़ाई के दस्तावेज सुरक्षित किए जाएंगे। 30 हजार दस्तावेजों का डिजिटिलाइजेशन होगा। राम मंदिर फैसले की कॉपी भी सुरक्षित की जाएगी।
राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक शनिवार को समाप्त हुई। बैठक के अंतिम दिन समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने राम कथा संग्रहालय के सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण किया।
बैठक के समापन के बाद चंपत राय ने बताया कि राम कथा संग्रहालय को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया जाएगा। यहां राम जन्मभूमि मुक्ति के लिए चले लंबी कानूनी लड़ाई के अदालती दस्तावेज सुरक्षित किए जाएंगे।
करीब 30,000 अदालती दस्तावेज सुरक्षित करने की योजना है। चंपत राय ने बताया कि राम मंदिर के हक में सुप्रीम कोर्ट से आए फैसले की कॉपी भी यहां सुरक्षित की जाएगी।
उड़ते हुए पुष्पक विमान के होंगे दर्शन
रामायण में पुष्पक विमान की चर्चा आती है। एक गैलरी में उड़ता हुआ पुष्पक विमान चित्रित किया जाए और लंका का भी एक दृश्य कृत्रिम रूप से बनाया जाए जो जीवंत लगे और आकर्षण का केंद्र होगा। इसके डिजाइन पर काम शुरू हो चुका है।
दर्शन पथ पर लगेगी स्थायी कैनोपी
रामलला का दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए और सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि दर्शन करने के बाद मंदिर से सुग्रीव किला तक एग्जिट मार्ग को अस्थाई के बाद स्थाई तौर पर विकसित किया जाएगा। मार्ग पर स्थायी कैनोपी लगाने का निर्णय हुआ है। इसका डिजाइन फाइनल हो गया है।
मंदिर के निकट ही जूते की रैक बनाई जाएगी। अब श्रद्धालु बहुत कम दूरी नंगे पैर चलेंगे। अगले छह माह में यह काम पूरा हो जाएगा।
 TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features
				 
		
		 
						
					 
						
					