मोस्टवांटेड अब्दुल मलिक ने गिरफ्त में आने से पहले पुलिस को जमकर छकाया। पुलिस से बचने के लिए अब्दुल मलिक करीब 5798 किलोमीटर भागा। वह 16 दिन में छह राज्यों में गया। देहरादून (उत्तराखंड) से दिल्ली, गुजरात, मुंबई (महाराष्ट्र), चंडीगढ़ (हरियाणा), भोपाल (मध्यप्रदेश) और फिर दिल्ली पहुंच गया। पुलिस ने शनिवार को उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
अब्दुल मलिक को पकड़ने के लिए पुलिस ने शुरू में छह टीम लगाई थीं, जो दिल्ली और पश्चिमी उत्तरप्रदेश में ही मलिक को ढूंढ़ती रहीं। मलिक जब पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा तो पुलिस ने अपने दायरे को अन्य राज्यों में फैलाया।
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने टीमों की संख्या घटाकर तीन कर दी। इनमें एक टीम को दिल्ली से चंडीगढ़, दूसरी टीम को गुजरात से मुंबई और तीसरी टीम को दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों की निगरानी में लगाया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जैसे ही टीम अब्दुल मलिक के ठिकानों पर पहुंचती तो वह उससे पहले ही भाग निकलता।
वह एक जगह एक रात से अधिक नहीं रुक रहा था। वह हर रात अपना ठिकाना बदलता रहा। किसी भी दिन वह होटल में नहीं रुका। वह लगातार अपने करीबियों या अपनी प्रापर्टी में ही रुकता था। गुजरात में वह पुलिस के हाथ आने से आधा घंटा पहले ही निकल गया था। बताया जा रहा है कि अब्दुल मलिक छह फरवरी को देहरादून में था। इसके बाद दिल्ली था। पुलिस के हिसाब से वह करीब 5798 किलोमीटर भागा। वहीं पुलिस उसके पीछे करीब 12 हजार किलोमीटर दौड़ी। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे दिल्ली से पकड़ लिया।
TOS News Latest Hindi Breaking News and Features