उत्तराखंड: महिलाओं को 40% टिकट देने की घोषणा से कांग्रेस नेत्रियों में जोश

देहरादून,  मातृशक्ति के सशक्त आंदोलन के बूते अस्तित्व में आए उत्तराखंड में कांग्रेस के भीतर महिलाओं को ज्यादा टिकट देने के दबाव को नजरअंदाज करना पार्टी के लिए शायद ही संभव हो पाएगा। उत्तरप्रदेश में प्रियंका गांधी वाड्रा की महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा से उत्तराखंड में कांग्रेस नेत्रियों में जोश भर दिया है। उन्हें उम्मीद है कि उत्तरप्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में भी पार्टी ऐसा फैसला लेगी। इसे देखते हुए कांग्रेस नेत्रियों ने अब टिकट की दावेदारी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना शुरू कर दिया है।

उत्तराखंड में इन दिनों कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर जिलेवार और लोकसभा क्षेत्रवार नामित किए गए पर्यवेक्षक दौरे पर हैं। विधानसभा क्षेत्रवार दौरा कर रहे पर्यवेक्षक टिकट के दावेदारों की ताकत को भी तौल रहे हैं। अहम बात ये है कि टिकट की दावेदारी में अब महिलाएं की भागीदारी बढ़ी है। उत्तरप्रदेश के विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर महिलाओं पर किए जा रहे भरोसे का असर उत्तराखंड में भी दिखाई देने लगा है।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता आर्य के बाद महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की पुत्री अनुपमा रावत ने भी महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने की खुलकर पैरवी की है। सिर्फ महिलाएं ही नहीं, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भी राज्य निर्माण में महिलाओं के योगदान को देखते हुए उन्हें ज्यादा टिकट देने की पैरोकारी कर रहे हैं। दरअसल राज्य में अब तक पार्टी ने महिलाओं को जहां भी टिकट दिया है, उन्होंने जीत का परचम लहराया, अथवा प्रतिद्वंद्वी को कड़ी टक्कर दी है।

हालांकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी जीतने की संभावना को देखते हुए महिलाओं को ज्यादा टिकट देने का समर्थन कर चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष हरीश रावत का रुख भी कमोबेश यही है। हालांकि अभी तक उन्होंने खुलकर इस मामले में टिप्पणी करने से गुरेज ही किया है। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह भी कह चुके हैं कि महिलाओं को चुनाव में ज्यादा प्रतिनिधित्व देने पर पार्टी विचार करेगी।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com