उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, दिल्ली में शीत लहर का अलर्ट

उत्तर भारत के कई हिस्से शीत लहर की चपेट में हैं और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ से हिमालय के ऊपरी हिस्सों के प्रभावित होने के चलते दिल्ली में न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा में गंभीर शीत लहर चलेगी जबकि गुजरात के कच्छ क्षेत्र, तेलंगाना, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के गंगा वाले क्षेत्र में शीत लहर चलने की संभावना है। विभाग ने 23 दिसंबर से 26 दिसंबर तक दिल्ली में शीत लहर चलने का अनुमान जताया है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम अधिकारियों ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी होगी। कश्मीर में अधिकारियों ने बताया कि बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई लेकिन फिर भी पारा जमाव बिंदू से नीचे रहा। हिमाचल प्रदेश में भी लोगों को कड़ाके की शीत लहर से थोड़ी राहत मिली है क्योंकि राज्य में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलोंग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, यहां तापमान शून्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश कड़ाके की ठंड 

उत्तर प्रदेश कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में है और राज्य में दूरदराज के स्थानों पर शीतलहर चल रही है। सोनभद्र जिले में चुर्क राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम अधिकारियों ने बताया कि राज्य में मौसम शुष्क है और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा और कुछ दूरदराज स्थानों पर कड़ाके की शीत लहर चल रही है।

पंजाब-हरियाणा में शीत लहर

पंजाब और हरियाणा में भी शीत लहर चल रही है। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अमृतसर भी सर्दी की चपेट में है और वहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा भी ठंड की चपेट में है और अम्बाला में रात में तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस जबकि हिसार में 5.5 और नारनौल में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में ठंड से थोड़ी राहत

राजस्थान में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। हालांकि, राज्य के एकमात्र पर्वतीय स्थल माउंट आबू में रविवार रात तापमान शून्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के मैदानी भागों में न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। भीलवाड़ा में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com