कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा- जुलाई आ गया है, वैक्सीन नहीं आई, पीयूूूष गोयल और हर्षवर्धन ने किया पलटवार

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कोरोना टीकाकरण समेत अन्य मुद्दों को लेकर लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट करके एक बार फिर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने टीकाकरण पर तंज कसते हुए कहा कि जुलाई आ गया है, वैक्सीन नहीं आई। उनके इस ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने पलटवार किया है।

रेल मंत्री गोयल ने कहा कि वैक्सीन की 12 करोड़ डोज़ जुलाई महीने में उपलब्ध होंगी, जो प्राइवेट हॉस्पिटल्स की आपूर्ति से अलग है। राज्यों को 15 दिन पहले ही आपूर्ति के बारे में सूचना दी जा चुकी है। राहुल गांधी को समझना चाहिए कि कोरोना से लड़ाई में गंभीरता के बजाय इस समय ओछी राजनीति का प्रदर्शन उचित नहीं है।

अहंकार और अज्ञानता के वायरस का कोई टीका नहीं : स्वास्थ्य मंत्री

वहीं राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि ‘अहंकार और अज्ञानता के वायरस का कोई टीका नहीं है।’ कांग्रेस नेता के ट्वीट का हवाला देते हुए, हर्षवर्धन ने कहा, ‘कल ही, मैंने जुलाई महीने के लिए वैक्सीन की उपलब्धता पर तथ्य रखे। राहुल गांधी जी की समस्या क्या है? क्या वे पढ़ते नहीं हैं? क्या वे कुछ समझते नहीं हैं? अहंकार और अज्ञानता के वायरस के लिए कोई टीका नहीं है !! कांग्रेस को नेतृत्व में बदलाव के बारे में सोचना चाहिए।

 

देश में अब तक 34 करोड़ से ज्यादा कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई गई

कोविड टीकाकरण अभियान पर टिप्पणी करने के लिए विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए, हर्षवर्धन ने गुरुवार को कहा था कि राज्यों को अपने टीकाकरण अभियान की बेहतर योजना बनाने की आवश्यकता है। राज्यों को जुलाई के लिए कोविड वैक्सीन आपूर्ति के बारे में पहले ही सूचित कर दिया गया है। जुलाई में वैक्सीन की कुल 12 करोड़ खुराक सप्लाई होगी। प्राइवेट अस्पतालों के लिए सप्लाई इससे कहीं अधिक होगी। यह जानकारी 15 दिन पहले राज्यों के साथ साझा किया गया था। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 34 करोड़ से ज्यादा कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com