कोरोना पॉजिटिव होने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मेदांता अस्पताल में हुए भर्ती

कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद दिल्ली से सटे गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती केंद्रीय मंत्री अमित शाह (Union Minister Amit Shah) का स्वास्थ्य अब पहले से बेहतर है। कोरोना वायरस पॉजिटिव होने पर रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे केंद्रीय मंत्री मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए हैं, उन्होंने खुद इसकी जानकारी ट्वीट करके दी थी। इसके बाद यहां पर उनका इलाज किया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, मेदांता अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सुशीला कटारिया की टीम केंद्रीय मंत्री अमित शाह का इलाज कर रही है। उन्हें आइसोलेशन वार्ड के स्पेशल रूम में भर्ती किया गया है।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद रविवार शाम 4.43 बजे गृह मंत्री ने स्वयं ट्वीट कर जानकारी दी कि वह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। गृह मंत्री ने अपने आधिकारिक ट्वीट हैंडल पर बताया कि कोरोना के शुरुआती लक्षण दिखने के बाद उन्होंने अपनी जांच कराई थी, जिसमें वह कोविड-19 से संक्रमित पाए गए। ट्वीट में यह भी बताया कि उनकी तबियत ठीक है लेकिन वह डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हुए हैं।

इसी के साथ गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में उनके संपर्क में आए सभी लोगों से जांच कराने की भी अपील की है। जैसे ही मीडिया व सोशल मीडिया पर गृहमंत्री के कोरोना संक्रमित होने की खबर फैली, कई लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने ट्वीट कर जल्द ठीक होने की कामना की।

गौरतलब है कि इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा भी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आने के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती हुए थे। संबित पात्रा ने कोरोना वायरस को मात देने के बाद अपना प्लाज्मा भी दान किया था। इसकी जानकारी भी उन्होंने खुद ही सार्वजनिक की थी।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com