दिल्लीवासियों को इस सप्ताह गर्मी से रहेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से फिलहाल बनी हुई राहत अभी जारी रहेगी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि देश के अधिकांश हिस्सों में अगले चार-पांच दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी। दिल्ली-एनसीआर में भी अभी दो दिन तो बारिश होने की संभावना है ही, इसके बाद 28-29 अप्रैल को फिर बारिश हो सकती है। एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और दूसरा आंतरिक तमिलनाडु पर बना हुआ है। स्काईमेट वेदर ने कहा है कि पश्चिमी हिमालय, हरियाणा के कुछ हिस्सों, पंजाब, बिहार, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश और दक्षिण-आंतरिक कर्नाटक में छिटपुट बारिश के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 31.3 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री ज्यादा 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले दो दिन छाए रह सकते हैं बादल

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन बादल छाए रहने के साथ शाम को आंधी आ सकती है। तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं। पिछले कई दिनों से धूप में तेजी बढ़ने के साथ गर्मी भी सताने लगी थी। दिन में घर से निकलना मुश्किल हो गया था। शनिवार की शाम से बादल घिर आए और रात में आंधी आ गई। करीब एक घंटे तक धूल भरी आंधी चलती रही। बादल छाए रहने और तेज हवा की वजह से गर्मी से राहत रही। वहीं, रविवार को सुबह सवेरे से कुछ देर के लिए चुभने वाली धूप खिली, लेकिन कुछ देर में ही फिर से बादल छाने लगे। जो दिन भर आसमान में मंडराते रहे। हालांकि दिन में हवा शांत रही। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा पांच किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। वातावरण में आद्रता 25 रही। सोमवार को तापमान में एक डिग्री सेल्सियस गिरावट आ सकती है। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन बादल छाए रहने के साथ आंधी चलने के आसार हैं। जिससे गर्मी से राहत रहेगी।
English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com