प्रदेश सरकार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को झूठे आरोपों में जेल भेजने का लगाया आरोप….

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की जेल से रिहाई की मांग को लेकर कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह प्रदर्शन किया। कोरोनावायरस के चलते प्रदर्शन के दौरान शारीरिक दूरी का भी कई जगह पालन किया गया।

अंबेडकरनगर में गांधीगिरी

अंबेडकरनगर : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने नगर के पटेल नगर तिराहा स्थित जिला कार्यालय के समक्ष धरना दिया। जिलाध्यक्ष राम कुमार पाल ने कहा सरकार लोकतंत्र की हत्या पर उतारू है। इस कारण ही फर्जी मुकदमे में फंसा कर प्रदेश अध्यक्ष को जेल भेजा गया है। कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांधीगिरी के जरिए अपनी आवाज तब तक उठाते रहेंगे जब तक प्रदेश अध्यक्ष को रिहा नहीं कर दिया जाता। इस दौरान रेहान जैदी, गुलाम रसूल छोटू ,डॉ विजय शंकर तिवारी व दीपक शर्मा आदि मौजूद रहे।

गोंडा : पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। वह शहर के गांधी पार्क में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना देना चाहते थे, लेकिन गेट में ताला बंद होने के कारण उन्‍हें गेट पर ही धरना देना पड़ा। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अब्दुल रहमान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के रिहाई की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना दिया जा रहा है।

मौन धरने पर कांग्रेसी

सीतापुर : शहर के आंख अस्पताल मार्ग पर स्थित अंबेडकर पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौन प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के विरुद्ध कार्रवाई का विरोध कर रहे पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री रामलाल राही, जिलाध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी व अन्य कार्यकर्ताओं के धरने के संबंध में मौके पर पहुंचे शहर कोतवाल अंबर सिंह ने लॉकडाउन उल्लंघन का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज करने की बात कही है। जिस पर मौन प्रतिवाद पर बैठे कांग्रेसियों ने ज्यादती का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने झूठे आरोपों में उनके प्रदेश अध्यक्ष को जेल भेज दिया है। इसके बाद स्थानीय स्तर पर अधिकारी विरोध प्रदर्शन भी नहीं करने दे रहे हैं।

लखीमपुर में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शनिवार को धरना दिया। शहर के गांधी पार्क में हुए धरने के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाकर कांग्रेस के जनसेवा अभियान को कुचलना चाहती है, पर कांग्रेस का हर सिपाही जनसेवा के लिए तत्पर है।

बहराइचः कांग्रेसियों ने शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष  अजय कुमार लल्लू की  रिहाई की मांग को लेकर  मौन धरना दिया। सेनानी भवन परिसर में आयोजित मौन धरने में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष आदर्श अग्रवाल, जेपी मिश्र, शहर कांग्रेस  उपाध्यक्ष डॉ. हलीम, जिला महामंत्री अनिल सिंह,  फजल खां, बलहा विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी मनुदेवी, महताब आलम, खालिद सलमानी, यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नदीम, उपाध्यक्ष अमरनाथ शुक्ल, गोपीनाथ आदि थे।

रायबरेली : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार  लल्लू की गिरफ्तारी के बाद लगातार कांग्रेस के कार्यकर्ता आंदोलित हैं। शीर्ष नेतृत्व का निर्देश पाते ही वे विभिन्न तरह के आंदोलन कर रहे हैं। अपने नेता की रिहाई के लिए जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों ने बीते दिनों जरूरतमंदों को भोजन आदि उपलब्ध करा कर अपने आंदोलन को धार दी। उसके बाद शनिवार को जिला कार्यालय के बाहर बैठकर सांकेतिक धरना द‍िया । क्योंकि रायबरेली कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का संसदीय क्षेत्र हैं। ऐसे में यहां संगठन को कोई भी आंदोलन करने से पहले नेतृत्व की रजामंदी लेनी पड़ती है। या फिर केंद्रीय नेताओं द्वारा मिले निर्देशों को अमल में लाना होता है। यह आंदोलन भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर हो रहा है। ऐसा संगठन के कुछ नेता बताते हैं।

सुलतानपुर : जिले के कांग्रेसी कार्यकर्ता शहर के सुपर मार्केट स्थिति गांधी पार्क में प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू की रिहाई को लेकर मौन सत्याग्रह पर बैठे। जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा की अगुवाई में प्रदर्शन किया गया ।

बलरामपुर : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने नगर के अस्पताल तिराहे पर धरना दिया। जिलाध्यक्ष अनुज सिंह  ने कहा कि  फर्जी मुकदमे में फंसा कर प्रदेश अध्यक्ष को जेल भेजा गया है। कहा कि हमें न्याय पालिका पर भरोसा है।प्रदेश सरकार गरीब विरोधी मानसिकता और राजनीतिक कायरता का परिचय दे रही है।16जून को अध्यक्ष की रिहाई हो जाएगी,इसका उन्हें पूरा भरोसा है। इसके बाद पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com