भगवान श्रीराम की राज्याभिषेक यात्रा में उमड़ा संस्कृतियों का सागर….

साकेत महाविद्यालय से शनिवार सुबह जब भगवान श्रीराम की राज्याभिषेक यात्रा निकली तो पूरी अयोध्या राममय हो उठी। श्रीराम के स्वागत में न सिर्फ संस्कृतियों का सागर उमड़ पड़ा बल्कि उनकी एक झलक पाने के लिए अयोध्यावासी दौड़ पड़े। श्री राम की राज्याभिषेक यात्रा ने जन-जन के राम की अलख जगाई।

चलत विमान कोलाहल होई, जय रघुवीर कहै सब कोई…. बजाओ ढोल स्वागत में मेरे घर राम आए हैं… कुछ इसी तरीके का दृश्य अयोध्या में जीवंत को उठा।

जैसे ही जय श्रीराम के शंखनाद के साथ शोभायात्रा सड़कों पर निकली तो अयोध्यावासी जो जहां था ,जैसे था, उसी अंदाज में दर्शन को दौड़ पड़ा। लखनऊ से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ठीक सुबह पहुंचे। सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की मौजूदगी में शंखनाद की ध्वनि के बीच जय श्रीराम का उद्घोष होते ही समूची अयोध्या मानो त्रेता युग की तरह राम के स्वागत में दौड़ पड़ी।

पर्यटन मंत्री ने तिरंगा झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया तो हर घर के बाहर लोग इंतजार कर रहे थे कि प्रभु राम की लीला को दर्शाती झांकियां उनके दरवाजे पर कब आएंगी। कोटा राजस्थान से आए कलाकारों का खास भांगड़ा नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। टीम में शामिल रूपसिंह कहते हैं कि इस महोत्सव में शामिल होने के लिए उनके साथियों ने कई महीने मेहनत की।

हनुमान की भूमिका में अयोध्या के सौरभ दास थे। आज हनुमान जयंती का भी पर्व है तो उन्हें हनुमान जयंती की भी बधाइयां मिल रही थीं । मथुरा के कलाकार राजेश प्रसाद शर्मा ने कहा कि आज उनका जीवन धन्य हो गया। राजस्थान की काजल मंत्रमुग्ध होकर नृत्य कर रही थी, आवाज देने पर केवल जय श्रीराम का जयघोष किया।

बांदा के कलाकारों ने पाई डंडा लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। टीम की अगवाई कर रहे रमेश पाल के इशारों पर लय ताल के साथ में नृत्य करके प्रभु राम की स्तुति की। शोभायात्रा में सद्भाव की भी झलक दिखी। छत्तीसगढ़ के मुस्लिम कलाकारों ने गेंड़ी नृत्य की भी प्रस्तुति दी। टीम का नेतृत्व कर रहे जेनयू सलाम ने कहा कि हम कलाकार हैं हमारा धर्म है बेहतर प्रस्तुति देना। अयोध्या में आकर अच्छा महसूस हो रहा है।

वहीं जम्मू के कलाकार मनदीप के नेतृत्व में रूफ नृत्य की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। हिमाचल प्रदेश का सिरमौर नाटी नृत्य व मणिपुर का बसंत रास नृत्य भी लोगों को आकर्षित कर रहा था।

यात्रा में राम कथा व सामाजिक संदेशों पर आधारित 18 झांकियां प्रस्तुत की गईं।  यात्रा के दौरान अचानक बारिश भी शुरू हो गई है। बारिश में भीगते हुए लोक कलाकार प्रस्तुतियां देते रहे। छतों से पुष्प वर्षा हो रही है तो निरंतर जय श्री राम का उद्घोष गूंज रहा है । नगर विधायक वेद गुप्ता ने कहा भगवान इंद्रदेव भी मेहरबान है और भगवान राम के अभिनंदन में यह बारिश हो रही है।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com