उत्तराखण्ड: भाजपा की बैठक में जुटे महापौर के दावेदार, प्रत्याशी पर नहीं हुई चर्चा 

देहरादून: नगर निगम चुनाव और स्थापना दिवस समारोह की तैयारी को लेकर भाजपा महानगर की बैठक में महापौर पद के तमाम दावेदार जुटे। लेकिन, प्रत्याशी चयन को लेकर कोई रायशुमारी या चर्चा तक नहीं हुई। हां, कुछ जरूर पर्चे बांटकर खम ठोंकते रहे। 

बैठक शुरू होते ही महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने कह दिया कि ‘दो दिन पहले कांग्रेस की बैठक में जो स्थिति हुई, वह यहां कतई न हो’। काबीना एवं जिले के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक और भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार ने भी नसीहत दी कि पार्टी जिसे भी प्रत्याशी घोषित करेगी, उसे जिताना है। चाहे प्रत्याशी की शक्ल पसंद हो या नहीं। 

दरअसल, अभी न तो चुनाव का कार्यक्रम घोषित हुआ है और न ही आरक्षण। लेकिन, महापौर पद के दावेदारों की लंबी लिस्ट है और सभी बैनर-होर्डिंग और सोशल मीडिया के साथ जनता के बीच सक्रिय हैं। प्रदेश के साथ केंद्रीय स्तर पर अपनी दावेदारी पर मुहर लगाने की जुगत भी चल रही है। ऐसे में हाईकमान को भी भलीभांति अहसास है कि प्रत्याशी घोषित होने पर विरोध स्वर फूट सकते हैं। 

बैठक में महापौर एवं विधायक विनोद चमोली, मसूरी विधायक गणेश जोशी, रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष नीलम सहगल, भाजपा के प्रदेश मंत्री सुनील उनियाल गामा, महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, भाजपा नेता उमेश अग्रवाल, पुनीत मित्तल, अनिल गोयल, विनोद उनियाल, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष श्याम पंत, आदित्य चौहान आदि मौजूद रहे।  

जनता को बताएं उपलब्धियां 

महानगर कार्यालय में हुई बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियां बताएं। हमें अपने-अपने बूथ को और मजबूत करना होगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) संजय कुमार ने कहा कि पार्टी स्थापना दिवस यानी छह अप्रैल को हर बूथ पर कार्यक्रम होगा। 

सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा। साथ ही पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान भी होगा। प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती भाजपा धूमधाम से मनाएगी। गोष्ठी और सम्मेलन होंगे। 

डॉ. अंबेडकर की जयंती से लेकर छह दिसंबर यानी निर्वाण दिवस तक कार्यक्रम होंगे, जिसकी जिम्मेदारी युवा मोर्चे को दी गई है। इस दौरान सीताराम नौटियाल और समीर उनियाल ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। 

दलित आंदोलन पर न करें टिप्पणी 

भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) संजय कुमार ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि सोशल मीडिया या सार्वजनिक कार्यक्रमों में दलित आंदोलन पर किसी भी प्रकार की टिप्पणी न करें। यह संवेदनशील मुद्दा है और अराजक तत्व समाज को बांटने की साजिश रच रहे हैं। हमें स्थिति को समझते हुए सावधान रहना है।

पर्यवेक्षक करेंगे रायशुमारी 

महापौर पद के प्रत्याशी को लेकर पर्यवेक्षक श्यामवीर सैनी, विनय रोहिला, घनश्याम नौटियाल महानगर कार्यालय में कार्यकर्ताओं से रायशुमारी करेंगे। यह जानकारी भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने दी।

English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com