यमुना नदी के जलस्तर में कमी के बीच अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को दी एक और राहत की खबर

यमुना नदी के जलस्तर में धीरे-धीरे आ रही कमी के बीच अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को दिल्ली की जनता को एक और राहत की खबर दी है। इसके साथ ही केजरीवाल ने सड़कों पर भरे बाढ़ के पानी में मस्ती करने वाले लोगों को भी चेतावनी देते हुए उन जगहों से दूर रहने की अपील की है। शनिवार सुबह 9 बजे यमुना में जलस्तर 207.53 मीटर रिकॉर्ड किया गया। केजरीवाल ने आज ट्वीट कर कहा, ”यमुना में पानी का स्तर धीरे धीरे कम हो रहा है। अगर फिर से तेज बारिश नहीं हुई तो जल्द स्थिति नार्मल हो जाएगी। चंद्रावल और वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स से पानी निकालना शुरू कर दिया गया है। इसके बाद मशीनें सुखाई जाएंगी। दोनों प्लांट्स कल तक ही चालू हो पाएंगे। कृपया सावधानी बरतें और एक दूसरे की मदद करें।” इसके साथ ही केजरीवाल ने एक और ट्वीट कर कहा, ”कई जगह से ऐसी खबरें आ रही हैं कि कुछ लोग पानी में खेलने या तैरने जा रहे हैं या वीडियो/सेल्फी के लिए जा रहे हैं। कृपया ऐसा ना करें। ये जानलेवा हो सकता है। अभी बाढ़ का खतरा खत्म नहीं हुआ है। पानी का वेग बहुत तेज है। पानी कभी भी बढ़ सकता है।” दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आज कहा कि यमुना में बाढ़़ के बाद तीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स को बंद कर दिया गया था, लेकिन अब यमुना का पानी घट रहा है। शुक्रवार को ओखला स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से 20 एमजीडी पानी की सप्लाई शुरू हो गई है, लेकिन अभी 240 एमजीडी पानी प्रभावित है। दिल्ली की एक चौथाई आबादी इससे प्रभावित है। इसके लिए दिल्ली सरकार को खेद है। क्योंकि हम जानते हैं कि पानी जनता को चाहिए। हम कोशिश कर रहे हैं कि जल्द से जल्द वजीराबाद और चंद्रावल प्लांट को सुखाकर पानी की आपूर्ति शुरू की जाए। तीन लड़के बाढ़ के पानी में डूबे बता दें कि, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुकुंदपुर चौक इलाके में शुक्रवार को बाढ़ के पानी में नहाते वक्त तीन लड़के डूब गए। अधिकारियों ने बताया कि लड़कों की पहचान उत्तर पूर्वी दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी निखिल (10), पीयूष (13) और आशीष (13) के तौर पर की गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लड़कों की मौत पर दुख जताया और लोगों को यमुना नदी में आई बाढ़ को लेकर आगाह किया।
English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com