कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा 170-180 उम्मीदवारों की पहली सूची आज शाम तक करेगी जारी

10 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भाजपा 170-180 उम्मीदवारों की पहली सूची आज शाम तक जारी करेगी। इसकी जानकारी पार्टी के संसदीय बोर्ड के सदस्य बी एस येदियुरप्पा ने सोमवार को दी। पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि सूची आज शाम तक जारी कर दी जाएगी।

सूची को अंतिम रूप देने के लिए होगी बैठक

भाजपा नेता ने कहा कि सूची को अंतिम रूप देने के लिए आज एक और बैठक भी होगी। उन्होंने कहा कि उन्हें आज शाम तक सूची जारी होने का भरोसा है। येदियुरप्पा ने कहा कि पहली सूची में 170 से 180 नामों की घोषणा की जाएगी। बता दें कि कर्नाटक में फिर से सत्ता में आने का प्रयास कर रही भाजपा ने 224 सीटों में से कम से कम 150 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।

कर्नाटक में 10 मई को होना है मतदान

बता दें कि कर्नाटक में 10 मई को मतदान होना है। इससे पहले भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की रविवार को बैठक हुई थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिह और अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। इस बैठक में संभावित प्रत्याशियों के नामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कांग्रेस भी कर रही तैयारी

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस भी तैयारी कर रही है। उम्मीदवार तय करने के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राहुल गांधी ने भी भाग लिया। बता दें कि कांग्रेस ने अब तक 58 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।
English News

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com